Janta 24X7 News

Nov 18, 2026 Kajal Awasthi

राहुल गांधी ने सुनाया लव लाइफ का किस्सा, गर्लफ्रेंड को लेकर किया दिलचस्प खुलासा

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को कैंब्रिज के उसी रेस्टोरेंट में डेट पर ले गए थे, जहां राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे। हालांकि, वहां के खाने ने उनका रोमांटिक प्लान बिगाड़ दिया।

राहुल गांधी ने सुनाया लव लाइफ का किस्सा, गर्लफ्रेंड को लेकर किया दिलचस्प खुलासा
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपनी एक दिलचस्प निजी कहानी को लेकर चर्चा में हैं। मौका था उनकी मां सोनिया गांधी के संस्मरण 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन का, जहां राहुल ने माता-पिता की प्रेम कहानी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

राहुल गांधी ने बताया कि उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात ब्रिटेन के कैंब्रिज स्थित वर्सिटी रेस्टोरेंट में हुई थी। कई साल बाद जब राहुल खुद कैंब्रिज पहुंचे तो उनके मन में उस जगह को देखने की इच्छा हुई, जहां से उनके माता-पिता की प्रेम कहानी की शुरुआत हुई थी।

राहुल ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को बिना उस जगह की खासियत बताए वर्सिटी रेस्टोरेंट ले गए। वहां पहुंचकर उन्होंने दो लोगों के लिए टेबल मांगी और अंदर बैठ गए। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट में मौजूद एक व्यक्ति को बताया कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात इसी जगह हुई थी। यह सुनकर उस व्यक्ति ने कहा कि वह राजीव और सोनिया गांधी दोनों को अच्छी तरह जानता है।

लेकिन इस खास डेट का सबसे मजेदार हिस्सा खाना निकला। राहुल ने बताया कि उन्होंने वहां मौजूद व्यक्ति से खाने की अच्छी डिश पूछी। जवाब में उन्हें चिकन चासूर खाने की सलाह मिली। राहुल और उनकी गर्लफ्रेंड ने वही डिश ऑर्डर कर दी, लेकिन खाना आने के बाद उनका अनुभव बेहद खराब रहा।

राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो वह वर्सिटी रेस्टोरेंट जरूर जाए, लेकिन वहां चिकन चासूर खाने की गलती न करे। कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने उनसे गर्लफ्रेंड के बारे में सवाल किया तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा, 'She is a friend now.'

इस दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते की कुछ बेहद निजी और भावुक यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि राजीव और सोनिया गांधी के बीच कितना गहरा अपनापन था। परिवार के साथ खाना खाते समय दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब रहते थे। राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता है, लेकिन दोस्तों के घर जाने पर उन्हें एहसास हुआ कि उनके माता-पिता का रिश्ता कुछ अलग था।

राहुल ने मां सोनिया गांधी के जीवन में आए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। पहले वह काफी मिलनसार और हंसमुख थीं, लेकिन राजीव गांधी की हत्या के बाद वह धीरे-धीरे खुद में सिमट गईं।

राहुल के मुताबिक, देश के लोगों और खासकर गांवों में रहने वाले लोगों के अपनापन ने सोनिया गांधी को दोबारा समाज से जुड़ने की ताकत दी। इस तरह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने एक तरफ माता-पिता की प्रेम कहानी के अनसुने पहलुओं को साझा किया, तो दूसरी तरफ अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा भी सुनाया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।

#RahulGandhi #SoniaGandhi #RajivGandhi #RahulGandhiNews #Congress #Cambridge #LoveStory #PoliticalNews #NationalNews #GandhiFamily #Janta24x7News
Author - Kajal Awasthi
Credit - Janta24x7news

Latest News

Janta24x7news
Janta24x7news May 18, 2026

Advertisement

Get In Touch

Office no 11, Bhopal House Lalbagh, Hazratganj, Lucknow 226001

+91 8114000370

info@janta24x7news.in

Follow Us

© Janta 24X7 News. All Rights Reserved. Powered by RBSC Associates