Janta 24X7 News

Jul 14, 2026 janta24x7news

सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन, 8.5 किलो वजन घटा; महुआ मोइत्रा और उद्धव ठाकरे ने खत्म करने की अपील की

शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन 17वें दिन में प्रवेश कर गया है। समर्थकों के अनुसार उनका वजन 8.5 किलोग्राम कम हो गया है। इस बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने उनसे अनशन समाप्त कर आंदोलन जारी रखने की अपील की है।

सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन, 8.5 किलो वजन घटा; महुआ मोइत्रा और उद्धव ठाकरे ने खत्म करने की अपील की
शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर चल रहा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 17वें दिन में पहुंच गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। आंदोलन से जुड़े लोगों का दावा है कि अनशन के दौरान उनका वजन करीब 8.5 किलोग्राम कम हो गया है और उनकी शारीरिक स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हुई है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सोनम वांगचुक की मांसपेशियां कमजोर हो रही हैं और उन्हें लगातार दर्द की शिकायत है। उन्होंने बताया कि वांगचुक का ब्लड प्रेशर 109/70 दर्ज किया गया है। दीपके ने यह भी कहा कि उन्होंने वांगचुक से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन वांगचुक ने जवाब दिया कि उनसे अनशन खत्म करने के बजाय सरकार से बातचीत शुरू करने की मांग की जाए।

अभिजीत दीपके ने सरकार से अपील की कि इस आंदोलन को अहंकार की लड़ाई न बनाया जाए और बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि यह आंदोलन जवाबदेही और संवाद की मांग कर रहा है तथा किसी भी पक्ष को मानवीय जीवन की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

इस आंदोलन को कई विपक्षी नेताओं का समर्थन भी मिला है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, सीपीआई सांसद अमराराम और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी जंतर-मंतर पहुंचकर अपना समर्थन जता चुके हैं।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक से अपील करते हुए कहा कि उनका आंदोलन देश के युवाओं को एकजुट करने में सफल रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि वांगचुक अपनी जान को खतरे में न डालें, अनशन समाप्त करें और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखें।

वहीं, उद्धव ठाकरे ने भी शिवसेना (यूबीटी) की ओर से आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की और वांगचुक से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने का अनुरोध किया।

बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी का यह आंदोलन 20 जून से जंतर-मंतर पर जारी है, जबकि सोनम वांगचुक 28 जून को इसमें शामिल हुए और तभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। फिलहाल उनके स्वास्थ्य पर सभी की नजर बनी हुई है, वहीं आंदोलनकारी सरकार से बातचीत शुरू करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
Author - Janta24x7news
Credit - Janta24x7news

Latest News

Janta24x7news
Janta24x7news May 18, 2026

Advertisement

Get In Touch

Office no 11, Bhopal House Lalbagh, Hazratganj, Lucknow 226001

+91 8114000370

info@janta24x7news.in

Follow Us

© Janta 24X7 News. All Rights Reserved. Powered by RBSC Associates